Ticker

6/recent/ticker-posts

नीमच : अवकाश की सूचना से मंडी में बंपर आवक


नीमच : अवकाश की सूचना से मंडी में बंपर आवक



शहर की कृषि उपज मंडी में दो दिन के अवकाश की सूचना से शुक्रवार को उपज की बंपर आवक हुई। मंडी में उपज की बंपर आवक से पूरा मंडी परिसर भर गया। इससे मंडी के गेट बंद करना पड़े। इससे मेन रोड पर उपज से भरे किसानों के वाहनों की लंबी लाइन लग गई। देखते ही देखते वाहनों की लाइन करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई। इस दौरान रोड पर जाम के हालात भी निर्मित हुए। इससे शहर के लोग परेशान होते दिखे। मंडी में आवक अधिक होने से देर शाम तक नीलामी प्रक्रिया चलती रही।


शहर के रेलवे स्टेशन रोड स्थिति कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को उपज की बंपर आवक हुई। मंडी में करीब 39 हजार 978 बोरी से अधिक की आवक हुई। इसमें सर्वाधिक लहसुन की 12 हजार 500, सोयाबीन 10 हजार 124, गेहूं 10 हजार 115 बोरी की आवक रही। इसके अलावा अन्य उपज की आवक भी तेज रही। इससे मंडी के अंदर व बाहर भी वाहनों की कतारें लग गई। सोयाबीन व गेहूं की अधिक आवक होने से धान मंडी परिसर में सोयाबीन व गेहूं के ढेर लग गए। आवक अधिक होने से शाम पांच बजे के बाद भी उपज की नीलामी चलती रही है। उल्लेखनीय है जिले में तेजी से कोरोना संक्रमण के आकड़े बढ़ रहे है, जिससे किसानों को लाकडाउन का डर सताने लगा है। इससे किसान अपनी उपज को जल्द से जल्द बेचना चाह रहे हैं। इसी बीच शनिवार व रविवार को मंडी में अवकाश है। वही जिले में शुक्रवार शाम छह से सोमवार सुबह छह बजे तक लाकडाउन की घोषणा हो चुकी है। इसके बाद किसानों को लाकडाउन बढ़ने की चिंता सता रही है और उपज को बेचने की जल्दी हो रही है। किसानों को अब खरीफ फसल की तैयारियां करनी है। इसके लिए बीज, खेतों की हकाई व खाद सहित अन्य इंतजाम करने है। इसलिए फसल बेचना भी जरूरी हो रहा है। इसलिए प्रतिदिन मंडी में किसानों की संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि अधिक आवक होने से किसानों को उपज का सही भाव नहीं मिल रहा है। शहर की कृषि उपज मंडी प्रदेश की बड़ी में शुमार है। मंडी में प्रतिदिन 25 से 30 हजार बोरी की आवक होती है। मंडी में 60 से अधिक जिंसों को कारोबार किया जाता है। मंडी में प्रतिदिन करीब 10 से 15 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। इससे मंडी को भी एक से ड़ेढ लाख रुपये राजस्व रूप में मिलता है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments