10-4-21
मंदसौर : आज से मंडी में पांच दिन का अवकाश, एक दिन पहले हुई बंपर आवक
मंदसौर
कृषि उपज में शनिवार से पांच दिन तक अवकाश रहेगा। लंबी छुट्टियों को देखते हुए शुक्रवार को मंडी मे उपज की बंपर आवक हुई। लहसुन, सोयाबीन और गेहूं की सर्वाधिक आवक रही। लहसुन की आवक अधिक होने से मंडी परिसर सुबह से शाम तक सफेद ही रहा, रात तक मंडी में कार्य चलता रहा। अब मंडी 15 अप्रैल को खुलेगी।
पांच दिन की छुट्टी के एक दिन पहले शुक्रवार को मंडी सुबह से शाम तक उपज से भरी रही। शुक्रवार को मंडी में कुल 42 हजार 856 बोरियों की रिकॉर्ड आवक हुई। इसमें सर्वाधिक 21 हजार कट्टे लहसुन की आवक हुई। लहसुन की अधिक आवक होने से मंडी का पूरा परिसर लहसुन से भर गया। इसके साथ ही दाम बेहतर मिलने से सोयाबीन की आवक भी तेज हो गई है, शुक्रवार को मंडी में सात हजार बोरी सोयाबीन की आवक हुई, किसानों को सोयाबीन के दाम 5600 से 6700 रुपये प्रति क्विंटल तक मिले। गेहूं 6500 बोरी की आवक हुई। इसके साथ ही मक्का, चना, धनिया, मैथी, सरसों, अलसी, इसबगोल, प्याज, कलोंजी की भी आवक हुई।
14 अप्रैल तक रहेगा अवकाश
कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय के अनुसार मंडी में 10 से 14 अप्रैल तक अवकाश रहेगा। 10 अप्रैल को माह का द्वितीय शनिवार 11 अप्रैल को रविवार, 12 अप्रैल सोमवार को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दशपुर मंडी व्यापारी संघ द्वारा दिए गए आवेदन पर अवकाश रहेगा। 13 अप्रैल को गुड़ी पड़वा एवं 14 अप्रैल को डा. अंबेडकर जयंती पर उपज मंडी में नीलामी कार्य स्थगित रहेगा। अब मंडी 15 अप्रैल से खुलेगी।

0 Comments