Ticker

6/recent/ticker-posts

क्वालिटी हल्की होने के कारण राजस्थान में गेहूं मंदा, भोपाल और कानपुर में तेज




गेहूं की कीमतों में आज मिलाजुला रुख बना रहा। राजस्थान की मंडियों में क्वालिटी हल्की होने के कारण गेहूं की कीमतों में 30 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट आई, जबकि स्टॉकिस्टों की खरीद बनी रहने से भोपाल और कानपुर में कीमतों में तेजी आई। इंदौर मंडी में नए गेहूं के दाम स्थिर बने रहे। मध्यप्रदेश के उत्पादक क्षेत्रों में नए गेहूं की आवक बढ़कर 45,000-50,000 बोरियों के करीब हुई।


राजस्थान के व्यापारियों ने बताया कि हडौटी और राज्य के अन्य क्षेत्रों में हल्की क्वालिटी के गेहूं की आवक ज्यादा हो रही है, जबकि स्टॉकिस्ट और मिलर्स हल्की क्वालिटी के गेहूं की खरीद नहीं कर रहे है इसलिए कीमतों पर दबाव देखा गया। हादौटी क्षेत्र की कोटा मंडियों में मिल क्वालिटी गेहूं के दाम 30 रुपये घटकर 1575-1600 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। अन्य मंडियों में भी गेहूं की कीमतों में गिरावट देखी गई।


हालांकि, भोपाल की मंडियों में गेहूं की कीमतों में 25 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आई, जबकि भोपाल संभाग में लगभग 8000 बो​री पुराना और 6000 बोरी नए गेहूं की आवक हुई। आटा मिलर्स और स्टॉकिस्टों की मजबूत मांग के कारण कीमतों में तेजी आई। पुराने गेहूं की क्वालिटी, नए गेहूं से बेहतर होने के कारण मिलर्स की मांग बढ़ी है। गेहूं का एमएसपी चालू सीजन के लिए 1,975 रुपये प्रति क्विंटल है, ऐसे में सरकारी खरीद शुरू होने के बाद गेहूं की कीमतों में तेजी आने का अनुमान है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments