Ticker

6/recent/ticker-posts

दिल्ली में गेहूं 20 रुपये सस्ता, मंडियों में त्यौहारी माहौल होने से कारोबार हल्का

 


दिल्ली में गेहूं 20 रुपये सस्ता, मंडियों में त्यौहारी माहौल होने से कारोबार हल्का


नई दिल्ली : दिल्ली में मांग सुस्त पड़ने से गेहूं के भाव 20 रुपये गिर गए। दिल्ली से लगे हरियाणा के फरीदाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ क्षेत्र की मंडियों में नए गेहूं की छिटपुट आवक होने लगी है। अगले हफ्ते से नया गेहूं दिल्ली की मंडियों में पहुंचने की संभावना है। कानपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गेहूं के भाव में पिछले दो दिनों की गिरावट के बाद 10 रुपये का सुधार देखने को मिला। उत्तर भारत के अन्य उत्पादक राज्यों में गेहूं में स्थिर बनी रही। मंडियों में होली का माहौल होने के कारण आवक कमजोर रहीं। कारोबार भी सीमित बताया गया। मध्य प्रदेश में नए गेहूं की आवक भी कमजोर रही।


दिल्ली में गेहूं के भाव 2300-2320 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर 20 रुपये घटकर बिका। लारेंस रोड पर आवक 5500 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) से घटकर 5000 बोरी की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 22-25 हजार बोरी होने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार फ्लोर मिलों की मांग सुस्त पड़ने से भाव पर दबाव आया। दिल्ली की मंडियों में नया गेहूं अगले हफ्ते पहुंचने की संभावना है। उत्तर भारत में सबसे पहले अलीगढ़, फरीदाबाद से लगे क्षेत्रों में नए गेहूं की आवक शुरू होती है। दूसरे राज्यों में भी होली के बाद आवक की संभावना है।


कानपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गेहूं 10 रुपये सुधरकर बिका। पिछले दिनों स्टॉकिस्टों की बिकवाली निकलने से भाव पर दबाव रहा था। होली का माहौल होने के कारण अधिकतर खरीदारों ने बाजार से दूरी बनाकर रखी। बिकवाली आज बहुत हल्की रही। बरेली सहित पश्चिमी यूपी में भाव पिछले स्तर पर ही रहे। बिहार में अधिकतर मंडियां बंद रहने से कारोबार नहीं हुआ। वहां होली की छुट्टियां 4-5 दिनों तक चलती हैं।


मध्य प्रदेश की मंडियों में गेहूं की आवक और घटकर करीब 2.5 लाख बोरी की रह गई। होली का माहौल होने से किसान मंडियों में माल लेकर नहीं पहुंचे। इंदौर और दूसरी मंडियों में गेहूं पिछले भाव पर बिका। राजस्थान में भी त्यौहारी माहौल होने से गेहूं में कोई खास कारोबारी हलचल नहीं रही।

Reactions

Post a Comment

0 Comments