Ticker

6/recent/ticker-posts

राजस्थान, यूपी, बिहार में गेहूं के भाव सुधरे, पाला पड़ने से राजस्थान में नई फसल लेट

राजस्थान, यूपी, बिहार में गेहूं के भाव सुधरे, पाला पड़ने से राजस्थान में नई फसल लेट



उत्पादक राज्यों की कई मंडियों में आज गेहूं के भाव में तेज का रुख देखने को मिला। मिल क्वालिटी गेहूं 30 रुपये बढ़कर बिका जबकि प्रीमियम गेहूं 50 रुपये की तेजी देखने को मिली। व्यापारियों के अनुसार शीतलहर और जाड़े-पाले के चलते राजस्थान में गेहूं की नई फसल में देरी की संभावना से गेहूं में तेजी बन रही है। अच्छी क्वालिटी के गेहूं की सप्लाई कम होने से भी सेंटीमेंट मजबूत हैं।


राजस्थान में आज गेहूं के भाव 50 रुपये तक बढ़ गए। मंडियों में मिल क्वालिटी गेहूं के भाव में 30 रुपये तक की तेजी रही। टुकड़ी गेहूं के भाव 50 रुपये तक बढ़ाकर बोले गए। बूंदी के व्यापारी उत्तम जेठवानी के अनुसार पाला पड़ने के कारण गेहूं की फसल करीब 15 दिन लेट हो रही है। राजस्थान में नई फसल की आवक अप्रैल में ही तेज होगी। मंडियों में गेहूं की सप्लाई भी कमजोर है। अच्छी क्वालिटी के गेहूं की और ज्यादा किल्लत है। इसी वजह से भाव में तेजी आ रह है। व्यापारियों के अनुसार है कि गेहूं में 100 रुपये प्रति क्विंलट तक की तेजी आ सकती है। राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में गेहूं की आवक करीब 3000 बोरी (प्रति बोरी 100 किलो) की रही। पूरे राजस्थान में आवक 5000-6,000 बोरी की रही।


बरेली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गेहूं में तेजी दूसरे दिन भी जारी रही। वहां भाव 10 रुपये और बढ़ गए। बरेली में मिल पहुंच भाव 2100-2110 रुपये और मंडी भाव 2000-2010 रुपये प्रति क्विंटल पर मजबूत रहे। कानपुर मंडी में भी गेहूं 10 रुपये सुधरकर 2110-2120 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर पहुंच गया। कानपुर के अलावा पूर्वी यूपी की दूसरी मंडियों में भी मजबूती रही। बिहार की बेगूसराय में गेहूं का मंडी भाव 1940-1960 रुपये पर स्थिर रहा। लेकिन वेयरहाउस का गेहूं 2040-2060 रुपये प्रति क्विंटल पर 10 रुपये सुधरकर बिका। व्यापारियों के अनुसार किसानों और व्यापारी के पास माल कम बचा है। एफसीआई का गेहूं महंगा है, इसलिए भाव में तेजी रह सकती है। ओएमएसएस में बीते सीजन के गेहूं का बेस प्राइस 2150 रुपये प्रति क्विंटल है। खर्च मिलाकर बाजार में यह गेहूं 2200-2250 रुपये पर पड़ेगा। जबकि किसानों का गेहूं मिलों को करीब 2100 रुपये के भाव पर मिल रहा है।


दूसरी ओर, इंदौर में गेहूं के भाव में कोई बदलाव नहीं दिखा। मिल क्वालिटी गेहूं के बिल्टी भाव 2050-2075 रुपये पर रहे। मध्य प्रदेश की दूसरी मंडियों में भी गेहूं में स्थिरता बनी रही। दिल्ली में गेहूं के भाव 2180-2200 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर स्थिर बने रहे। दिल्ली में आज लारेंस रोड पर आवक 6000 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 22-25 हजार बोरी होने का अनुमान है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments