आगामी सीजन में 112 लाख टन सोयाबीन के घरेलू उत्पादन का अनुमान
भारत में 2021-22 के खरीफ मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान सोयाबीन उत्पादन बढ़कर 112 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जो 2020-21 के अनुमानित उत्पादन 104.55 लाख टन से लगभग 7.50 लाख टन अधिक है। इससे क्रशिंग के लिए सोयाबीन का स्टॉक भी 3 लाख टन की वृद्धि के साथ 97 लाख टन पर पहुंच सकता है।
लेकिन घरेलू प्रभाग में मांग एवं खपत बढ़ने के कारण सोयामील का निर्यात कुछ घटकर 17 लाख टन पर सिमट सकता है जो पंचवर्षीय शिपमेंट के लगभग बराबर होगा। दूसरी ओर सोयाबीन तेल का आयात 37 लाख टन के आसपास स्थिर रहने की उम्मीद है। घरेलू स्रोतों से इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता कुछ बढ़ेगी जबकि वैश्विक बाजार भाव ऊंचा रहेगा। इसके फलस्वरूप आयात पर असर पड़ सकता है।
इस बीच मशहूर संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) ने अपनी एक रिपोर्ट में सोयाबीन की आपूर्ति का ब्यौरा देते हुए कहा है कि 2019-20 सीजन की तुलना में 2020-21 के मार्केटिंग सीजन में सोयाबीन की आवक 60.45 लाख टन से बढ़कर 77.50 लाख टन पर पहुंच गई। इसके तहत सोयाबीन की आपूर्ति अक्टूबर में 12 लाख टन से बढ़कर 18 लाख टन, नवम्बर में 18.50 लाख टन से सुधरकर 19 लाख टन, दिसम्बर में 15 लाख टन, जनवरी में 9.00 लाख टन से बढ़कर 12 लाख टन, फरवरी में 4.50 लाख टन से बढ़कर 6.00 लाख टन, मार्च में 1.25 लाख टन से बढ़कर 4.75 लाख टन तथा अप्रैल में 20 हजार टन से बढ़कर 2.75 लाख टन पर पहुंच गई। अब सोयाबीन का सीमित स्टॉक मौजूद है।

0 Comments