उज्जैन इन दिनों कृषि उपज मंडी में गेहूं की बंपर आवक हो रही है। जिसे नीलामी बाद जल्द तौल करवाने के लिए बड़े कांटों का उपयोग किया जा रहा है। इस व्यवस्था में व्यापारी प्रति बोरा 300 ग्राम उपज काट रहे हैं, जिससे किसान नाराज है। उनकी मांग पर मंडी ने आदेश जारी किया है कि बड़े तौलकांटे पर तौल के वजन पर ही व्यापारी भुगतान करेगा। आदेश के बाद व्यापरी संघ ने बड़े तौलकांटे की बजाय छोटे तौलकांटे पर तौल करवाने का निर्णय लिया है।
सचिव ने बताया कि मंडी अधिनियम के तहत बड़े तौलकांटे पर तौल होने पर किसी प्रकार की कटौती गलत है। इसे बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इधर व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल व सचिव अनिल गर्ग ने बताया कि वर्तमान में मंडी प्रांगण में 30 से 40 टन के कांटे स्थापित हैं। जिस पर भारी ट्रकों का तौल होता है। अब उस पर ही मंडी प्रशासन किसानों के उपज की ट्रालियां भी तुलवा रहा है। जिसमे कांटा अंतर करीब 300 ग्राम का आता है। जिसे कम किया जा रहा है। इसके अलावा कोई कटौती नहीं की जाती है। बरसों से व्यापारी स्थल पर छोटे इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटो पर तौल हो रहा है। जिस पर कोई समस्या नहीं आती है। ऐसी स्थिति में व्यापारी संघ ने निर्णय लिया है कि किसान की उपज का तौल व्यापारिक संस्थान पर ही इलेक्ट्रॉनिक तौलकांटे पर कर करवाएंगे।
समय लगेगा
मंडी में वर्तमान में करीब 30 से 35 हजार बोरी गेहूं की आवक हो रही है। जिसमें से 75 फीसद तौल बड़े कांटे पर हो रहा है। 300 ग्राम कटौती के मामले को लेकर उपजे विवाद के चलते व्यापारिक स्थल पर तौल करने से व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी। देर रात तक तौल जारी रखना पड़ेगा। ऐसे में प्रशासन को जल्द 10-10 टन के कांटों की व्यवस्था करना चाहिए। ताकि तौल व्यवस्था सुचारू चल सके।

0 Comments