उत्पादक राज्यों में पाइपलाइन खाली होने से नए गेहूं का इंतजार, दिल्ली में भाव सुस्त रहे
नई दिल्ली :दिल्ली में मिलों की खरीद घटने और आटा, मैदा में नरमी आने से गेहूं 20 रुपये गिरकर बिका। जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार सहित सभी दूसरे उत्तरी राज्यों में गेहूं पूर्ववत स्तर पर रहा। मध्य प्रदेश में आज गेहूं की आवक 2.50 लाख बोरी के आसपास रहने का अनुमान है। दूसरे राज्यों में व्यापारियों को नए गेहूं की प्रतीक्षा है। पूर्वी यूपी में गेहूं की आवक अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही तेज होगी। हालांकि पश्चिमी यूपी और बिहार में मार्च अंत में हल्की आवक के बाद अप्रैल के पहले सप्ताह में दबाव बढ़ सकता है। इस साल पाइपलाइन खाली होने से नए गेहूं का इंतजार हो रहा है।
दिल्ली में गेहूं के भाव 2340-2360 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर 20 रुपये घटकर बिका। लारेंस रोड पर आवक 8000 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) से घटकर 6000 बोरी की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 25-28 हजार बोरी होने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार फ्लोर मिलों की मांग मांग सुस्त पड़ने से गेहूं में नरमी देखने को मिली।
बिहार की मंडियों में गेहूं की भारी किल्लत है। हालांकि मिलों की खरीद पूरी हो जाने के कारण भाव स्थिर हैं। लेकिन व्यापारियों खासकर निर्यातकों को नए गेहूं की प्रतीक्षा है। यहां आवक मार्च के अंतिम सप्ताह में छिटपुट होगी। अप्रैल के पहले सप्ताह में आवक तेज हो जाएगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गेहूं पिछले स्तर पर बिका। कानपुर में मिल पहुंच गेहूं 2260-2370 रुपये प्रति क्विंटल पर दर्ज किया गया। बरेली सहित पश्चिमी यूपी में भी भाव स्थिर बने रहे। उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में आवक मध्य अप्रैल के बाद ही तेज होगी। हालंकि पश्चिमी यूपी में अगले महीने के पहले पखवाड़े में शुरू हो जाएगी।
मध्य प्रदेश में आज गेहूं की आवक सुधर गई। आवक 2 लाख बोरी से बढ़कर 2.50 लाख बोरी की हो गई। इंदौर में आज करीब 10,000 बोरी और पूरे मालवा क्षेत्र में 1.50 लाख बोरी गेहूं की आवक होने का अनुमान है। मंडियों में गेहूं पूर्ववत स्तर पर रहे। राजस्थान में भी भाव स्थिर बने रहे। व्यापारियों के अनुसार नए गेहूं की खरीद शुरू में हल्की रहती है। पहले तो ज्यादा नमी के कारण खरीदार बचते हैं। बाद में गेहूं में गर्मी होने के कारण खरीद सीमित रहती है। जून में गेहूं ही बल्क खरीद शुरू होती है। लेकिन इस साल एमपी में नए माल की आवक शुरू होते ही भारी खरीद शुरू हो गई। दूसरे राज्यों में पाइप लाइन खाली होने से नए गेहूं का इंतजार हो रहा है।
0 Comments