Ticker

6/recent/ticker-posts

फ्लोर मिलों की मांग से दिल्ली में गेहूं और तेज, बारिश से एमपी में आवक और घटी

 फ्लोर मिलों की मांग से दिल्ली में गेहूं और तेज, बारिश से एमपी में आवक और घटी



नई दिल्ली : दिल्ली में मिलों की मजबूती मांग से गेहूं 20 रुपये और बढ़कर बिका। लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार सहित सभी दूसरे उत्तरी राज्यों में गेहूं पूर्ववत स्तर पर रहा। मध्य प्रदेश में आज गेहूं की आवक और घटकर 2 लाख बोरी की रह गई। राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने से गेहूं की आवक सुस्त पड़ही है। हालांकि इंदौर और दूसरी मंडियों में भाव पर इसका कोई असर नहीं आया। लेकिन व्यापारियों का कहना है कि गेहूं में अभी और तेजी आ सकती है क्योंकि विदेशों में गेहूं महंगा रहने से निर्यातकों की खरीद जारी रह सकती है।


दिल्ली में गेहूं के भाव 2360-2380 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर 20 रुपये और बढ़ गया। लारेंस रोड पर आवक 7000 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) से बढ़कर 8000 बोरी की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 30-32 हजार बोरी होने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार फ्लोर मिलों की मांग निकलने से गेहूं में तेजी देखने को मिली। दिल्ली में गेहूं की सप्लाई में राशन का माल करीब 60 फीसदी होने का अनुमान है। लेकिन भाव में इससे राहत नहीं मिल रही है।


बेगूसराय और बिहार की दूसरी मंडियों में गेहूं पिछले स्तर पर बिका। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार निर्यातक बांग्लादेश बॉर्डर पहुंच गेहूं 2400-2450 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीद रहे हैं। लेकिन माल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में गेहूं में और तेजी आने की संभावना बनी हुई है। बिहार में नए गेहूं की आवक मई में जोर पकड़ेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गेहूं पिछले स्तर पर बिका। कानपुर में मिल पहुंच गेहूं 2260-2370 रुपये प्रति क्विंटल पर दर्ज किया गया। मिलों की खरीद सुस्त पड़ने से भाव में स्थिरता आ गई है। बरेली सहित पश्चिमी यूपी में भी भाव स्थिर बने रहे। मिल पहुंच गेहूं 2270-2280 रुपये और मंडियों में भाव 2170-2180 रुपये प्रति क्विंटल पर दर्ज किया गया।


मध्य प्रदेश में आज गेहूं की आवक और कमजोर रही। आवक 2.25 लाख बोरी से घटकर 2 लाख बोरी की रही। इंदौर में आज करीब 8,000 बोरी और पूरे मालवा क्षेत्र में 1.25 लाख बोरी गेहूं की आवक होने का अनुमान है। हालांकि मध्य प्रदेश की मंडियों में गेहूं पूर्ववत स्तर पर रहे। राजस्थान में भी भाव स्थिर बने रहे। व्यापारियों के अनुसार कांडला पोर्ट पर निर्यातक 2500 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीद कर रहे हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments