एमपी में बारिश से गेहूं की आवक घटी, भाव स्थिर रहे, बाकी राज्यों में मिलाजुला रुख
नई दिल्ली : गेहूं के भाव में आज मिलाजुला रुख देखने को मिला। दिल्ली में मिलों की मजबूती मांग से गेहूं 20 रुपये सुधर बिका। लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार में मिलों की लिवाली सुस्त पड़ने से भाव 30 रुपये तक गिर गए। मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में गत दिवस बारिश होने से आज गेहूं की आवक घट गई। माना जा रहा है कि बारिश प्रभावित क्षेत्रों में गेहूं की कटाई लेट हो सकती है। एमपी और राजस्थान में गेहूं के भाव पिछले स्तर पर बने रहे। व्यापारियों का कहना है कि निर्यातकों को अच्छी पैरिटी मिलने से गेहूं में अभी और तेजी की गुंजाइश है। लेकिन भारतीय गेहूं के कीमत शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबॉट) के रुख पर निर्भर करेगी। सीबॉट में गेहूं सभी कमोडिटीज में रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते तेजी आई थी। सीबॉट में गेहूं अभी भी 12.86 डॉलर प्रति बुशेल के ऊपर बना हुआ है जो भारतीय करेंसी में 3600 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास पड़ता है।
दिल्ली में गेहूं के भाव 2340-2360 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर 20 रुपये बढ़कर बिका। लारेंस रोड पर आवक 7000 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 28-30 हजार बोरी होने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार फ्लोर मिलों की मांग निकलने से गेहूं में तेजी देखने को मिली।
बेगूसराय और बिहार की दूसरी मंडियों में किसानी गेहूं 30 रुपये घटकर 2150-2180 रुपये प्रति क्विंटल पर रह गया। बुधवार को भी इसकी कीमत में नरमी देखने को मिली थी। लेकिन वेयरहाउस का गेहूं बुधवार की नरमी के बाद स्थिर रुख के साथ 2230-2250 रुपये पर बिका। किसानी गेहूं की क्वालिटी हल्की रहने से भाव में गिरावट बनी रही। इस गेहूं की खरीद फ्लोर मिलें कर रही थीं। फ्लोर मिलों की खरीद कम होने से भाव में नरमी रही। जबकि व्यापारियों का वेयरहाउसों में रखा बेहतर क्वालिटी का गेहूं निर्यात में जा रहा है। निर्यातकों की खरीद अभी भी मजबूत है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गेहूं में सुस्ती का रुख बना रहा। कानपुर में मिल पहुंच गेहूं 30 रुपये और घटकर 2260-2370 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। मिलों की खरीद सुस्त पड़ने से भाव में नरमी आ गई। बरेली सहित पश्चिमी यूपी में भी भाव 20 रुपये घटाकर बोले गए। मिल पहुंच गेहूं 2270-2280 रुपये और मंडियों में भाव 2170-2180 रुपये प्रति क्विंटल पर दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के आष्टा, नीमच, मंदसौर सहित कई इलाकों में बीती रात बारिश होने से आज गेहूं की आवक कमजोर रही। आवक 2.75 लाख बोरी से घटकर 2.25 लाख बोरी की रही। इंदौर में आज करीब 10,000 बोरी और पूरे मालवा क्षेत्र में 1.25 लाख बोरी गेहूं की आवक होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में गेहूं के भाव स्थिर बने रहे। व्यापारियों के अनुसार कांडला पोर्ट पर निर्यातक 2500 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीद कर रहे हैं।
0 Comments