मुंबई में आयातित अरहर, चना और काबुली चना की कीमतों में सुधार
दाल मिलों की हाजिर सुधरने से गुरूवार को शुरूआती कारोबार में मुंबई में आयातित अरहर, चना और काबुली चना की कीमतों में सुधार आया।
दाल मिलों की हाजिर मांग से मुंबई में लेमन अरहर नई के भाव 6,100 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। उत्पादक मंडियों में नई अरहर की आवक हो रही है। वैसे भी केंद्र सरकार ने अरहर के आयात की समय सीमा को बढ़ाकर जून 2022 तक बढ़ाया हुआ है।
इस दौरान मुंबई में तंजानिया की अरुषा और मटवारा अरहर के भाव में 50-50 रुपये की तेजी आकर भाव क्रमश: 5,250 से 5,300 रुपये और 5,150 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान सूडान की अरहर के दाम भी 50 रुपये तेज होकर 6,150 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। मोजाम्बिक लाईन की गजरी अरहर की कीमतें 50 रुपये बढ़कर 5,150 से 5,200 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। मलावी अरहर के दाम भी 50 रुपये बढ़कर 4,750 से 4,800 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
किसान अच्छी क्वालिटी की अरहर को एमएसपी पर बेचने में कम दिलचस्पी ले रहे हैं, क्योंकि चालू सीजन में उत्पादकता में कमी आई है, साथ ही चना, सोयाबीन और कपास में बेहतर रिटर्न मिलने की उममीद है।
सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र में आने वाले दिनों में अरहर की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी 6,300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीद शुरू होने की संभावना है। साथ ही गुजरात में अरहर की एमएसपी पर खरीद भी फरवरी के मध्य से शुरू होने की संभावना है।
अरहर दाल में खुदरा के साथ ही थोक में ग्राहकी कमजोर है, तथा मिलर्स भी को भी इन भाव में घाटा उठाना पड़ रहा है।
अफ्रीकी मूल की अरहर की कीमतें नीचे होने से भी कीमतों में हल्का सुधार ही आया है।
तंजानिया के चना के भाव में मुंबई में 25 रुपये की तेजी आकर दाम 4,425-4,450 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। हालांकि उत्पादक मंडियों में देसी चना के साथ ही काबुली चना की दैनिक आवक हो रही है, लेकिन भाव नीचे होने के कारण मांग में सुधार आया है।
स्थानीय मिलों की मांग सुधरने के कारण रुस और सूडान के काबुली चने के दाम 50-50 रुपये तेज होकर क्रमश: 4,650 से 4,750 रुपये और 4,950 से 5,250 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। काबुली चना के आयात पर 40 फीसदी का शुल्क होने के कारण आयात पड़ते नहीं लग रहे हैं।
0 Comments