नए गेहूं के दबाव से राजस्थान, दिल्ली, बिहार में भी भाव गिरे, टुकड़ी 80 रुपये लुढ़का
नई दिल्ली : नए गेहूं की आवक शुरू होने से बाजारों में मनोवैज्ञानिक दबाव बना हुआ है। आज राजस्थान और दिल्ली के अलावा बिहार में भी भाव में गिरावट देखने को मिली। राजस्थान में प्रीमियम वैरायटी टुकड़ी गेहूं की कीमत में 80 रुपये की गिरावट देखने को मिली। हालांकि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गेहूं के भाव में स्थिरता बनी रही। यूपी में पिछले दो-तीन कारोबारी सत्रों में 30-40 रुपये तक की गिरावट आ चुकी है। व्यापारी मानने लगे हैं कि अब गेहूं में तेजी के आसार नहीं हैं। नई आवक के दबाव से आगे गेहूं में गिरावट की ही संभावना बनेगी।
राजस्थान की मंडियों में मिल क्वालिटी गेहूं की कीमत में 20-30 रुपये की गिरावट देखने को मिली। लेकिन टुकड़ी गेहूं का भाव 80 रुपये तक लुढ़क गया। इसके भाव 2100 रुपये तक उच्च स्तर छूने के बाद अब 2000 रुपये के आसपास आ गए हैं। राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र की मंडियों में गेहूं की आवक करीब 2800 बोरी (प्रति बोरी 100 किलो) की रही। पूरे राजस्थान में आवक 5000-6,000 बोरी की रही। बूंदी के व्यापारी उत्तम जेठवानी ने कहा कि मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात में नए गेहूं की छिटपुट शुरू हो चुकी है। इस वजह से खरीदार पीछे हट गए हैं। मंडियों में आवक सीमित ही है लेकिन लिवाली घटने से भाव में दबाव देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में गेहूं के भाव 2200-2220 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर 20 रुपये गिरकर बिका। आज लारेंस रोड पर आवक 5500 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) से बढ़कर 6500 बोरी की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 25-28 हजार बोरी होने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार बाजार में मनोवैज्ञानिक प्रभाव आया है क्योंकि एमपी में नया गेहूं आने से यूपी में भाव पर दबाव आया। इसके कारण दिल्ली में पिछले हफ्ते दिखाई दी मजबूती अब गायब है।
बिहार की मंडियों में भी गेहूं के भाव घटकर दर्ज किए गए। बेगूसराय में किसानी गेहूं का मंडी भाव 1960-1980 रुपये पर 20 रुपये तक घटकर बिका। वेयरहाउस के गेहूं का भाव 20 रुपये गिरकर 2010-2030 रुपये प्रति क्विंटल पर रह गया। व्यापारियों के अनुसार गेहूं में मांग कमजोर बनी हुई है। फ्लोर मिलों की खरीद और घट गई है। यूपी में भाव गिरने से असर बिहार की मंडियों में भी आ रहा है। बेगूसराय के ब्रोकर सुमित महाजन के अनुसार बिहार में गेहूं की फसल का अच्छा विकास होने से भी भाव पर असर आ रहा है। मौसम अनुकूल रहने से गेहूं की पैदावार बढ़ने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र की अधिकतर मंडी में नई आवक अभी सीमित ही है। नए गेहूं में नमी 15-20 फीसदी के आसपास है। पुराने माल में कारोबार सीमित हो गया है। इंदौर के एक व्यापारी के अनुसार फरवरी में आवक हल्की रहेगी। मार्च में आवक तेज होने की संभावना है। नया गेहूं बाजार में आने से सेंटीमेंट कमजोर हो गए हैं। फिलहाल मंडियों में पुराने गेहूं के भाव स्थिर हैं। कानपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश की अन्य मंडियों में भी गेहूं में स्थिरता दिखाई दी। इस क्षेत्र में पिछले तीन कारोबारी सत्रों में भाव 30-40 रुपये तक गिर चुके हैं। कानपुर में मिल पहुंच गेहूं 2120-2125 रुपये प्रति क्विंटल पर दर्ज किया गया। बरेली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गेहूं पूर्ववत रहा। बरेली में मिल पहुंच भाव 2160-2165 रुपये और मंडी भाव 2060-2065 रुपये प्रति क्विंटल पर बिका।
0 Comments