यूक्रेन संकट के चलते फ्लोर मिलों की खरीद तेज होने से गेहूं में 100 रुपये तक का उछाल
यूक्रेन संकट के चलते कमोडिटी सेक्टर में आई तेजी का असर गेहूं पर भी दिखाई दिया। तमाम उत्तरी राज्यों में गेहूं के भाव आज 100 रुपये तक उछल गए। व्यापारियों के अनुसार खाद्य तेलों की तरह गेहूं पर ग्लोबल मार्केट की हलचल का सीधा असर नहीं आता है लेकिन वर्तमान हालात में मिलों और दूसरे खरीदारों की लिवाली तेज हो जाने से गेहूं की में तेजी आ गई। सप्लाई की कमी के चलते गेहूं में मजबूती के आसार पहले से ही बने हुए थे। माना जा रहा है कि केंद्रीय पूल से एफसीआई की नीलामी दोबारा शुरू होते ही सप्लाई तेज होगी तो भाव में तेजी थमने लगेगी।
व्यापारियों के अनुसार यूक्रेन संकट से भारतीय गेहूं पर सीधा असर नहीं दिखाई देता है। लेकिन दूसरी कमोडिटीज में तेजी आने से खरीदारों ने एहतियात के तौर पर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी वजह से कई राज्यों में गेहूं के दाम बढ़ाकर बोले गए। पिछले कुछ दिनों से एफसीआई के गेहूं की सप्लाई बंद होने से भी खुले बाजारों में उपलब्धता सीमित बताई जा रही है। सीजन का अंतिम दौर होने के कारण गेहूं की आवक बहुत कमजोर है।
मध्य प्रदेश की मंडियों में गेहूं में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। इंदौर में मिल क्वालिटी गेहूं के भाव 100 रुपये के उछाल के साथ दर्ज किए गए। मिल क्वालिटी गेहूं 1950-1975 रुपये से बढ़कर 2050-2075 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। इसके अलावा लोक-1, 1544 और मालवराज पोषण गेहूं में भी तेजी देखने को मिली। एमपी के मालवा रीजन में नए गेहूं की आवक के बाद भाव में गिरावट आने लगी थी। लेकिन करीब दो-तीन हफ्ते बाद अभी भी सीमित क्षेत्र में ही नई आवक होने से गेहूं की सप्लाई मांग के मुकाबले कमजोर बताई जा रही है। अनायास मिलों की खरीद तेज होने से गेहूं में उछाल आ गया।
दिल्ली में गेहूं के भाव 2200-2220 रुपये प्रति क्विंटल (मिल पहुंच) पर 20 रुपये बढ़कर बिका। हालांकि स्थानीय लारेंस रोड पर आवक 5500 बोरी (50 किलो प्रति बोरी) से बढ़कर 7000 बोरी की रही। दिल्ली की सभी मंडियों और डायरेक्ट मिलों और चक्की वालों की सप्लाई जोड़कर दिल्ली में आवक 28-30 हजार बोरी होने का अनुमान है। लेकिन फ्लोर मिलों की मजबूत मांग निकलने से भाव को मजबूती मिली।
बरेली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गेहूं के भाव में 30 रुपये की तेजी दिखाई दी। बरेली में मिल पहुंच गेहूं 2170-2180 रुपये और मंडी में 2070-2080 रुपये प्रति क्विंटल पर 30 रुपये बढ़कर बिका। हालांकि कानपुर में गेहूं आज 2130-2140 रुपये प्रति क्विंटल पर पूर्ववत बिका। राजस्थान की मंडियों में गेहूं के भाव पिछले स्तर से 10-30 रुपये बढ़कर बिका। कमजोर सप्लाई के बीच गेहूं में मजबूत मांग निकलने से भाव बूंदी, बारां सहित कई मंडियों में बढ़ाकर बोले गए। हाड़ौती क्षेत्र में गेहूं की आवक करीब 2500 बोरी (प्रति बोरी 100 किलो) की रही। पूरे राजस्थान में आवक 4000-5000 बोरी की रही। राजस्थान में गेहूं की खरीद भी हल्की रही। बिहार की बेगूसराय और दूसरी मंडियों में गेहूं में आज स्थिरता रही। वहां बुधवार को तेजी का रुख देखने को मिला था। इस वजह से आज भाव पिछले स्तर पर बने रहे।
0 Comments