बहरोड़. नया वर्ष किसानों के लिए खुशहाली लेकर आया है। कृषि उपज मंडी में फसल बेचने आने वाले किसानों को अब मंडी में फसल बेचने पर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्र के किसानों को कृषि उपज मंडी में दस हजार रुपए से अधिक मूल्य की फसल कृषि उपज मंडी में बेचने पर पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को कृषि उपज मंडी में ई कूपन जारी किए जाएंगे। कृषि विपणन निदेशालय जयपुर ने प्रदेश की सभी कृषि उपज मंडियों के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए कृषक उपहार योजना लागू की है। इसके लिए किसानों को कृषि उपज मंडी समितियों से संचालित ईनाम परियोजना के तहत मंडियों में अपनी उपज बेचने व ई भुगतान प्राप्त करने वाले किसानों को मंडी समिति से नि:शुल्क ई उपहार कूपन जारी किए जाएंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान मंडी में ईनाम पोर्टल पर कृषि उपज मंडी के गेट पास, विक्रय पर्ची जिसका मूल्य दस हजार या उससे अधिक होने पर विक्रय पर्ची भुगतान पर ई कूपन मंडी समितियों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। किसान कृषि उपज मंडी समिति में बेचान के लिए उपज लाकर ईनाम पोर्टल पर अपनी उपज की अधिकतम कीमत पाकर राजस्थान सरकार की किसानों के लिए कृषक उपहार योजना का लाभ ले सकेंगे।
राज्य सरकार ने किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए कृषक उपहार योजना शुरू की है। जिसके तहत कृषि मंडी समितियों में ई कूपन जारी किए जाएंगे तथा किसानों को लॉटरी के माध्यम से पुरस्कृत किया जाएगा।
0 Comments