Ticker

6/recent/ticker-posts

शीतलहर एवं पाले से फसल की सुरक्षा हेतु खेतों में हल्की सिंचाई करें कृषि विभाग द्वारा कृषकों को जारी की सलाह

 शीतलहर एवं पाले से फसल की सुरक्षा हेतु खेतों में हल्की सिंचाई करें कृषि विभाग द्वारा कृषकों को जारी की सलाह



21 दिसम्बर/ शीतलहर एवं पाले से फसलों को सुरक्षित रखने हेतु कृषक खेतों की सिंचाई करें। यदि पाला पड़ने की संभावना हो या मानसून विभाग से पाला पड़ने की चेतावनी दी गई हो तो फसलों की हल्की सिंचाई करें, जिससे खेत का तापमान शून्य डिग्री से नीचे नहीं गिरेगा और फसलों को पाले से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। सिंचाई करने से खेत के तापमान में 5 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो जाती है। यह सलाह किसान कल्याण तथा कृषि विभाग द्वारा आगर-मालवा जिले के कृषकों को शीतलहर एवं पाले से फसल की सुरक्षा के दृष्टिगत जारी की है।
विभाग द्वारा जारी सलाह में कहा है कि पाले से सर्वाधिक नुकसान नर्सरी में होता है। नर्सरी में पौधों को प्लास्टिक की चादर से ढंक देना चाहिए। ऐसा करने से प्लास्टिक के अन्दर का तापमान 2-3 डिग्री से. तक बढ़ जाता है। जिससे तापमान जमाव बिन्दु तक नहीं पहुच पाता और पौधा पाले से बच जाता है। प्लास्टिक की जगह पुआल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पौधों को ढ़ंकते समय इस बात का ध्यान रखें कि पौधे का दक्षिण-पूर्वी भाग खुला रहे ताकि उन्हे सुबह और दोपहर को धूप मिलती रहे।
खेतों के आस-पास धुंआ करें
फसल को पाले से बचाने के लिए खेत की मेढ़ पर कृषि अवशेषों से धुंआ करने पर क्षैत्र के तापमान में वृद्धि होती है, जिससे पाले से होने वाली हानि से बचा जा सकता है। साथ ही फसलों में रासयानिक उपचार करें। जिसके तहत् पाला पड़ने की संभावना होने पर फसलों पर गन्धक का तेजाब 0-1 प्रतिशत घोल का छिड़काव करना चाहिए। इसके लिए 1 लीटर गन्धक तेजाब को 1000 लीटर पानी में घोलकर 01 हे. क्षेत्रफल में छिड़काव करना चाहिए। ध्यान रखा जाए कि पौधों पर घोल का छिड़काव अच्छी तरह किया जाए। इस छिड़काव का असर 02 सप्ताह तक रहता है, यदि इस अवधि के बाद भी शीतलहर एवं पाले की संभावना बनी रहे तो गन्धक के तेजाब को 15-15 दिन के अन्तर से छिड़कना चाहिए। पाले से बचाव के दीर्घकालीन उपाय-फसलों को पाले से बचाने के लिए खेत के उत्तर-पश्चिम मेड़ पर तथा बीच-बीच में उचित स्थान पर वायु रोधक पेड़ जैसे-शहतूत, शीशम, बबूल, खेजड़ी, आड़ू तथा जामुन आदि के लगाए जाएं तो सर्दियों में पाले व ठण्डी हवा के झोकों के साथ ही गर्मी में लू से भी बचाव हो सकता है।
Reactions

Post a Comment

0 Comments