16-11-21
मंडी में मक्का की हो रही रिकार्ड आवक
बैतूल
जिले में इस बार मक्का की फसल के लिए मौसम बेहद अनुकूल होने से भरपूर पैदावार हो रही है। किसान जब उपज बेचने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं तो उन्हें जगह तक नहीं मिल पा रही है। मंडी के इतिहास में मंगलवार का दिन ऐसा रहा कि अब तक की सर्वाधिक 33 हजार 638 बोरा उपज की आवक हुई। सोमवार शाम से ही किसान वाहनों में उपज भरकर मंडी के आसपास के मार्ग किनारे पहुंच गए थे। रतजगा करने के बाद वे मंगलवार सुबह मंडी प्रांगण के भीतर पहुंचे और फिर नीलामी हो पाई। क्षमता से तीन गुना अधिक आवक होने के कारण मंडी प्रबंधन भी व्यवस्था बनाने में हलाकान हो रहा है। जिले में इस वर्ष ढाई लाख हेक्टेयर रकबे में मक्का की फसल किसानों के द्वारा बोई गई थी। सोयाबीन का रकबा घटकर मात्र डेढ़ लाख हेक्टेयर रह गया था। अंतिम समय तक बारिश होने से मक्का की फसल से बेहतर पैदावार मिल रही है। दीपावली के बाद किसान फसल की कटाई और थ्रेसिंग कर बेचने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि सप्ताह के तीन दिन मंडी में हर तरफ मक्का की ही उपज के ढेर नजर आ रहे हैं। कृषि उपज मंडी में मंगलवार को 29 हजार 205 बोरा मक्का की आवक हुई। इसकी खरीदी व्यापारियों के द्वारा न्यूनतम 1370 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम 1570 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई। भरपूर आवक के बाद भी मक्का के दाम अच्छे मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। किसान ने बताया कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर मक्का की उपज बेची गई थी। इस बार ऐसा लग रहा था कि समर्थन मूल्य पर खरीदी न होने से दाम घट जाएंगे लेकिन व्यापारियों द्वारा उचित दाम पर खरीदी की जा रही है। इससे किसानों को बड़ी आर्थिक मदद मिल रही है।
0 Comments