गोबर बढ़ा रहा है किसानों की आमदनी, मज़ाक नहीं है, वीडियो देख लीजिए गुजरात के एक गांव में सरकार ने गोबर गैस प्लांट लगवाए और उससे निकलने वाली स्लरी (तरल गोबर) को 1 से 2 रुपए प्रति लीटर खरीद लिया। जिससे इस गांव में लोगों की आमदनी बढ़ गई है, जानिए गोबर से कैसे बढ़ी इस गांव में आमदनी...
। आमतौर पर लोग गोबर को बेकार की चीज समझते हैं, शहरी भारत के लिए गोबर शिट से कम नहीं है। यहां तक की दूसरों को दिमागी कमजोर बताने के लिए लोग आसानी से कह देते हैं, तुम्हारे दिमाग में गोबर भरा है? या फिर गोबर गनेश कहने से भी नहीं चूकते। ग्रामीण इलाकों की बात करें तो कुछ किसान इसे खाद के रूप में इस्तेमाल करते हैं। बहुत सारी जगहों पर खाना बनाने के लिए सुखाकर इसे उपला-कंडा बनाकर जलाते भी हैं। फिर भी इसकी कीमत लगभग न के बराबर है, लेकिन गुजरात के एक गांव के सैकड़ों किसान इसी गोबर (Animal Dung) से कमाई कर रहे हैं। "हमारा जीवन भैंसों और दूध पर निर्भर है। गाय-भैंस जब दूध नहीं देती हैं तो उनको पालना भारी पड़ता है, लेकिन अब उनके गोबर (स्लरी) को खाद के रूप में हम बेच रहे हैं, तो दूध भले न हो लेकिन गोबर से पैसे मिलते रहते हैं तो दिक्कत नहीं होती।" जकरियापुर गांव के नट्टू भाई परमार (55 वर्ष) अपने द्वार पर एक तरफ फूले रबर के एक गुब्बारे (गोबर गैस प्लांट) को दिखाते हुए कहते हैं। नट्टू भाई के गांव में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) और पशुधन मंत्रालय की तरफ से दूध के कारोबार से जुड़े (गाय-भैंस पालने वाले सभी) घरों में 2 क्यूबिक क्षमता वाले गोबर गैस प्लांट लगवाए गए हैं। जिससे महिलाओं को खाने बनाने के गैस मिल रही है, जबकि जो तरल गोबर मिलता है, (जो अभी तक बेकार माना जाता था) उसे किसानों से खरीदकर उसकी जैविक खाद बनाई जाती है जिससे किसानों की रोजाना अतिरिक्त आमदनी हो रही है। एनडीडीबी इस तरह का पायलट प्रोजेक्ट पहले आणंद जिले के मुजकुआ गांव में 2 साल से संचालित है।
गोबर से शुरू हुई कमाई ने कई किसानों के लिए नये आयाम भी खोले हैं। रमीला बहन (47वर्ष) कुछ दिनों पहले अपनी सभी भैंसे बेचने वाली थीं, लेकिन अब उन्होंने अपना इरादा बदल दिया है। रमीला कहती हैं, मेरे पास अभी 4 भैंसे हैं लेकिन दूध सिर्फ एक देती है। तो मैं पशुओं को बेचकर दूसरा काम कनरे की सोच रही थी, क्योंकि अक्सर कभी एक दूध देती है तो कभी दो, बाकी को बांधकर चारा पानी देना पड़ता है, तो खर्च नहीं निकल पा रहा था, लेकिन अब स्लरी भी बिकने लगी है तो ठीक है, अब तो मैं हजार भैंसे भी पाल सकती हैं।"अपनी बात खत्म करते हुए रमीला मुस्कुरा पड़ती हैं। गोबर के वैल्यू एडिशन में किसानों का भविष्य दिखाते हुए गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) कहते हैं, "जकरियापुर का मॉडल अगर में पूरे देश के परिपेक्ष्य में देखता हूं तो किसानों का चेहरा बदल जाएगा। जकरियापुर की स्लरी से एक साल में जो खाद तैयार होगी उसकी अनुमानित कीमत 107 करोड़ होगी। जिससे सरकार को 10 करोड़ की जीएसटी भी मिलेगी। शुरूआत में अगर सिर्फ सहकारी दुग्ध समितियों के माध्यम से ही काम करें तो पूरे देश में ढाई लाख दुग्ध समितियां और उनसे जुड़े 2 करोड़ सदस्य हैं। अगर पूरे देश से कलस्टर बनाकर स्लरी पर काम शुरु कराएं तो देश में 44.5 मिलिटन टन स्लरी उत्पादन होगा, जिससे बनी खाद की कीमत 3,44,000 करोड़ रुपए होगी और इससे 30,000 करोड़ की जीएसटी मिलेगा।"
0 Comments