5-3-21
मंडी में हर तरफ गेहूं से भरे ट्रैक्टरों की भरमार
राजगढ़ धार ।
इन दिनों कृषि उपज मंडी में गेहूं की जबर्दस्त आवक का सिलसिला अनवरत बना हुआ है। सोमवार से ही मंडी में गेहूं की बेहतर आवक बनी हुई है। गुरुवार को मंडी में पांच हजार 560 क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की गई। इससे पहले भी मंडी में रोजाना औसतन पांच हजार क्विंटल गेहूं की आवक का दौर बना हुआ है।
मंडी के प्रांगण प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को 213 किसानों से पांच हजार 560 क्विंटल गेहूं की खरीदी हुई है। अधिकतम भाव एक बार फिर दो हजार 151 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए, तो वहीं माडल भाव एक हजार 750 रुपये तक पहुंचे हैं। न्यूनतम भाव एक हजार 650 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए।
छह रुपये बढ़ गए अधिकतम भाव
बुधवार को कृषि उपज मंडी में पांच हजार 500 बोरी गेहूं की आवक दर्ज की गई थी। इसके पहले मंगलवार को करीब छह हजार क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज हुई थी। मंगलवार को गेहूं के भाव मंडी में अधिकतम दो हजार 75 रुपये थे, जो बुधवार को दो हजार 145 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। गुरुवार को इसमें और इजाफा हुआ और भाव दो हजार 151 रुपये जा पहुंचे।
सोयाबीन भी जबर्दस्त उछाल पर
एक तरफ जहां गेहूं का सीजन चल रहा है, तो दूसरी तरफ सोयाबीन की आवक का दौर भी बरकरार है। मंडी में गुरुवार को करीब 169 बोरी सोयाबीन की आवक हुई। अधिकतम भाव पांच हजार 128 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए। वहीं माडल भाव पांच हजार रुपये तक रहे। सोयाबीन के जबरदस्त बढ़ते भावों के पीछे सबसे बड़ा कारण यह बताया जा रहा है कि सोयाबीन का आयात कम हो गया है। कई कास्तकारों के पास सोयाबीन का स्टाक भी नहीं है। नतीजतन, भावों में इजाफा हो गया है।

0 Comments