Ticker

6/recent/ticker-posts

मंडी में गेहूं की बंपर आवक, हर तरफ दिखी ट्रालियां




जीएसटी की नीतियों के विरोध में शुक्रवार को बंद होने और शनिवार व रविवार को अवकाश के कारण सोमवार को जब मंडी खुली, तो गेहूं की खुशबू से पूरा परिसर महक उठा। सोमवार को जबर्दस्त आवक होने से पूरे मंडी परिसर का मुख्य हिस्सा गेहूं की ट्रॉलियों और ढेरियों से पट गया। शाम करीब चार बजे तक नीलामी का दौर चलता रहा।


मंडी के प्रांगण प्रभारी ने बताया कि सोमवार को मंडी में करीब सात हजार क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की गई। किसान जगदीश भाई ने बताया कि सोमवार को मंडी में जो नजारा गेहूं की आवक का दिखा, वह बेहतरीन था। हर तरफ गेहूं की ट्रॉलियां नजर आ रही थी। हालांकि मंडी प्रशासन के सुव्यवस्थित प्रबंधन की वजह से सबकुछ बेहतर तरीके से संपादित हो गया। किसानों ने बताया कि मंडी में गेहूं रखने के लिए पर्याप्त जगह है।


सुबह से ही कतार में थे किसान


सोमवार को जब तीन दिन बाद मंडी खुली, तो कई किसान अलसुबह से ही मंडी में गेहूं बेचने के लिए कतारबद्ध नजर आए। आसपास के क्षेत्र सहित बाहर से भी कई किसान सोमवार को गेहूं बेचने के लिए मंडी पहुंचे। एक तरफ जहां सरकारी सोसायटियों में अभी खरीदी आरंभ नहीं हुई है, तो दूसरी तरफ व्यापारियों द्वारा खरीदी की शुरुआत एक महीने पहले ही कर दी गई थी। इन दोनों कारणों की वजह से इन दिनों गेहूं के भाव भी किसानों को बेहतर मिल रहे हैं। नतीजतन, किसानों का रुख मंडी की ओर एक बार फिर हो गया है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments